इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे मंदिर द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा आज जेपी अमन सोसायटी, सेक्टर-151, नोएडा में अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ संपन्न हुई। भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलदेव एवं माता सुभद्रा के दिव्य रथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।
जेपी अमन सोसायटी के निवासियों ने रथ यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। हरिनाम संकीर्तन की मधुर धुनों पर भक्तों ने आनंदपूर्वक नृत्य किया, जिससे पूरा क्षेत्र “हरे कृष्ण” महामंत्र के संकीर्तन से भक्तिमय हो उठा।

इस पावन अवसर पर इंग्लैंड से पधारे परम पूज्य श्री कृष्ण चैतन्य स्वामी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। महाराज ने भक्तों के साथ अत्यंत भावपूर्ण हरिनाम संकीर्तन किया तथा स्वयं भी संकीर्तन में नृत्य कर सभी भक्तों को कृष्ण-भक्ति के दिव्य रस में सराबोर कर दिया।
रथ यात्रा में इस्कॉन नोएडा एक्सप्रेसवे के अध्यक्ष श्रीमान श्याम गोपाल प्रभु जी तथा ग्रेटर नोएडा से पधारे श्रीमान गिरिराज प्रभु जी भी उपस्थित रहे। गिरिराज प्रभु जी के मधुर एवं उत्साहपूर्ण संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
रथ यात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ को अर्पित छप्पन भोग महाप्रसाद का वितरण रथ से किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा, प्रेम और उत्साह के साथ ग्रहण किया।
इस्कॉन मीडिया प्रभारी श्रीमान बैकुंठ निवास प्रभु ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में जेपी अमन सोसायटी के ठाकुर योगेश सिंह जी (दादरी विधायक प्रतिनिधि) का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही, जेपी अमन की रूही माताजी एवं अन्य श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह के साथ हरिनाम संकीर्तन, नृत्य और आयोजन की व्यवस्थाओं में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
यह भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा पूरे क्षेत्र के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक उत्सव सिद्ध हुई। भक्तों ने भगवान श्री जगन्नाथ के श्रीचरणों में विश्व शांति, सुख-समृद्धि तथा समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
Leave a comment