जयपुर। रिपोर्ट डब्लू गोस्वामी। आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न कार्यों और तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो और सभी प्रकोष्ठ आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में मतदाता सूचियों के अद्यतन एवं पुनरीक्षण, मतदान केन्द्रों पर आवश्यक सुविधाएं, मतदान दलों का गठन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, ईवीएम, कानून-व्यवस्था, परिवहन, कार्मिक व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, सूचना प्रौद्योगिकी एवं नियंत्रण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा नगर निकाय चुनाव के सुचारू संचालन के लिए 27 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर पूर्व नरेन्द्र वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर उत्तर राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रकोष्ठ प्रभारी मौजूद रहे।
Leave a comment