जयपुर। रिपोर्ट डब्लू. गोस्वामी। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने “एक राज्य-एक चुनाव” के सिद्धांत के तहत जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों में दो चरणों में चुनाव कराने का कार्यक्रम जारी किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी म्युनिसिपल संदेश नायक ने बताया कि सदस्य पद के लिए 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होगी। अभ्यर्थी 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर दोपहर 3 बजे तक रहेगी। निर्वाचन चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।
पहले चरण में नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के सदस्यों के लिए 9 सितंबर को तथा दूसरे चरण में नगर निगम सदस्यों के लिए 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 14 सितंबर को भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में होगी।
28 लाख 25 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों में कुल 28 लाख 25 हजार 46 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 14 लाख 63 हजार 1 पुरुष, 13 लाख 61 हजार 949 महिला और 96 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
जयपुर नगर निगम में सबसे अधिक 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता हैं। वहीं चौमूं नगर परिषद में 53,182 और शाहपुरा नगर परिषद में 64,106 मतदाता पंजीकृत हैं। फुलेरा नगरपालिका में 19,093 और सांभर नगरपालिका में 17,733 मतदाता दर्ज हैं।
चुनाव में ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। मतदान के दौरान मतदाताओं को ईपीआईसी पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। ईपीआईसी उपलब्ध नहीं होने पर आयोग द्वारा मान्य 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज के जरिए मतदान किया जा सकेगा।
Leave a comment