धौलपुर। बाड़ी आगामी नगर निकाय चुनाव एवं विभिन्न त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बाड़ी कोतवाली थाना परिसर में CLG बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने अधिकारियों, CLG सदस्यों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर कानून-व्यवस्था एवं आपसी भाईचारे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में CO बाड़ी महेंद्र मीणा एवं कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान नगर निकाय चुनाव तथा आगामी त्यौहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन की तैयारियों पर चर्चा की गई। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. ने कहा कि चुनाव एवं त्यौहार लोकतांत्रिक एवं सामाजिक सौहार्द के पर्व हैं। सभी समाजों के लोग आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने आमजन से प्रशासन का सहयोग करते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की तत्काल संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने की अपील की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि नगर निकाय चुनाव एवं त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा असामाजिक तत्वों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने CLG सदस्यों एवं समाज प्रतिनिधियों से पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री को बिना सत्यापन के आगे साझा नहीं करें। किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा संदिग्ध सूचना मिलने पर स्वयं प्रतिक्रिया देने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में उपस्थित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों से आगामी नगर निकाय चुनाव एवं त्यौहारों के दौरान शांति, सौहार्द, भाईचारा एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस एवं प्रशासन ने कहा कि सभी वर्गों के सहयोग से चुनाव एवं त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। बैठक के दौरान उपस्थित CLG सदस्यों एवं समाज प्रतिनिधियों ने पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। धौलपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें, अफवाहों को प्रसारित न करें तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें। पुलिस एवं प्रशासन आमजन की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
Leave a comment