नोएडा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्री सहयोग छठ पूजा समिति के सेक्टर-71 स्थित छठ घाट पर तैयारियाँ जोरों पर हैं। छठ घाट पर साफ-सफाई, रंग-रोगन और पूजा स्थल को व्यवस्थित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों को तैयार किया जा रहा है, ताकि व्रती और श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना कर सकें।
पिछले करीब 26 सालों से श्री सहयोग छठ पूजा समिति द्वारा नोएडा के सेक्टर-71 में छठ महापर्व का आयोजन किया जाता रहा है।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसके बाद 14 नवंबर को खरना का पावन अनुष्ठान किया जाएगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

घाट पर तैयारियों के साथ ही श्रद्धालुओं में भी छठ को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में व्रती परिवारों के साथ यहाँ श्री सहयोग छठ पूजा समिति के द्वारा निर्मित घाट पर पहुंचकर सूर्योपासना करेंगे। आयोजन समिति एवं स्थानीय लोगों द्वारा घाट की स्वच्छता और व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष श्री नीरज सिंह के मुताबिक इस कार्य में उन्हें कार्यकारिणी अध्यक्ष-राजीव रंजन, कोषाध्यक्ष बालानंद झा, सहकोषाध्यक्ष-राजेश कुमार, महासचिव विजेंद्र राय, उपाध्यक्ष-विनोद ठाकुर, संरक्षक-निलेश चंद्रा, बिपिन कर्ण, खेलन झा के साथ समिति की पूरी टीम का सहयोग प्राप्त होता है। घाट निर्माण के कार्य में नोएडा अथार्टी का सहयोग भी प्राप्त होता है।
छठ महापर्व आस्था, शुद्धता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है, जिसमें व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना करते हैं।
Leave a comment