धौलपुर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में करीब 1200 पुलिस अधिकारी एवं जवान चुनाव सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे, जिसमें जिला पुलिस, आर ए सी, करौली पुलिस के जवान, होमगार्ड शामिल हैं। प्रथम चरण में 09 सितंबर 2026 को धौलपुर नगरपरिषद, राजाखेड़ा नगरपालिका, मनियां नगरपालिका एवं सैंपऊ नगरपालिका के कुल 135 वार्डों के 176 मतदान केन्द्रों पर मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए प्रत्येक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पुलिस बल की तैनाती
प्रथम चरण के सभी 176 मतदान केन्द्रों पर 02 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। तैनात पुलिसकर्मी मतदान दल के साथ समन्वय रखते हुए मतदान सामग्री एवं मतदान केन्द्र की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे तथा मतदान केन्द्र पर आवश्यक कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगे।
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा
चारों नगर निकाय क्षेत्रों में चिन्हित 48 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान भवनों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इन मतदान केन्द्रों पर 1-4 के अतिरिक्त पुलिस जाप्ते की तैनाती की गई है, जिसमें 02 पुलिसकर्मी सशस्त्र रहेंगे। इन केन्द्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी एवं सतत भ्रमण व्यवस्था रहेगी।
सीनियर एवं पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों की तैनाती
चुनाव व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिले में 04 सीनियर सुपरवाइजरी अधिकारी तथा चारों नगर निकाय क्षेत्रों में कुल 14 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक सुपरवाइजरी अधिकारी को 04 पुलिसकर्मियों का जाप्ता उपलब्ध कराया गया है।
सुपरवाइजरी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था, निर्वाचन आचार संहिता के पालन एवं पुलिस व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगे तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करेंगे।
26 मोबाइल पार्टियां रहेंगी लगातार सक्रिय
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों नगर निकाय क्षेत्रों में 26 पुलिस मोबाइल पार्टियां तैनात की गई हैं। प्रत्येक मोबाइल पार्टी में 1-4 का पुलिस जाप्ता लगाया गया है। मोबाइल पार्टियां मतदान दिवस के दौरान अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करेंगी तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की मौजूदगी अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करेंगी। मतदान केन्द्रों के बाहर अनधिकृत व्यक्तियों अथवा असामाजिक तत्वों को अनावश्यक रूप से एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। मतदान केन्द्र के बाहर केवल अधिकृत व्यक्तियों एवं मतदाताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। मतदाताओं की सुव्यवस्थित कतार बनाए रखने में मोबाइल पार्टियां मतदान केन्द्र पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगी।
रिजर्व पुलिस बल भी रहेगा तैयार चारों नगर निकाय क्षेत्रों में
कानून-व्यवस्था की आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस जाप्ता भी उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक रिजर्व के रूप में पर्याप्त पुलिस बल को मुस्तैद रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा जा सके।
मतदान में लगाए गए सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को उनके निर्धारित स्थानों पर तैनात कर दिया गया है। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी. एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान द्वारा चारों नगर निकाय क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। धौलपुर पुलिस द्वारा मतदान दिवस पर कानून-व्यवस्था, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान तथा मतदाताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पुलिस की सभी इकाइयों को किसी भी प्रकार की सूचना अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। धौलपुर पुलिस की आमजन एवं मतदाताओं से अपील की है कि बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करें। निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या संदिग्ध गतिविधि पर विश्वास न करें तथा इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या जिला पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9530411842 या 9530411843 पर दें।
Leave a comment