धौलपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दूबरा में ‘रक्षा बंधन पर्व’ अत्यंत सादगी, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जहाँ एक ओर भारतीय संस्कृति और पवित्र रिश्तों के प्रतीक इस पर्व को परंपरागत रूप से मनाया गया, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षण सामग्री का वितरण भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के पवित्र प्रेम का त्योहार ही नहीं है, बल्कि यह परस्पर विश्वास, सामाजिक सद्भाव, सुरक्षा और दायित्वबोध का प्रतीक है। प्राचीन काल से ही रक्षा सूत्र बाँधने की परंपरा समाज में एक-दूसरे के प्रति कर्तव्य और समरसता की भावना को जागृत करती आई है। राजेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में हमें रक्षा बंधन के पर्व से प्रेरणा लेते हुए बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। तत्पश्चात विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र (राखी) बाँधे और उनके सुखद व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य आशीष कुमार शर्मा ने रक्षा बंधन पर्व के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। अध्यापक रामनरेश ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, परस्पर सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया ।इस दौरान विद्यालय की अध्यापिका भावना ,अमिता , दुर्गेश राजपूत ,संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्रा मौजूद रहे।
Leave a comment