आईसीएआई भीलवाड़ा शाखा द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवासीय रिफ्रेशर कोर्स का ज्ञानवर्धक एवं सकारात्मक वातावरण में हुआ समापन
भीलवाड़ा (घनश्याम बोकोलिया) इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की भीलवाड़ा शाखा द्वारा उदयपुर स्थित सीजन रिसॉर्ट में दो दिवसीय आवासीय रिफ्रेशर कोर्स (आरआरसी) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सहकारी समितियों एवं गैर-लाभकारी संस्थाओं (एनपीओ) के लेखांकन से जुड़े महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों सीए अतुल सोमानी, सीए दिनेश आगाल, सीए बी.बी. गुप्ता एवं सीए नवनीत तोतला द्वारा विभिन्न तकनीकी सत्रों में को ऑपरेटिव सोसाइटी और एनपीओ अकाउंटिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। वक्ताओं ने सहकारी समितियों एवं गैर-लाभकारी संस्थाओं के लेखांकन, वित्तीय विवरणों की प्रस्तुति तथा संबंधित प्रावधानों के व्यावहारिक अनुप्रयोग पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। सत्रों के दौरान प्रतिभागियों ने विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद करते हुए विभिन्न व्यावहारिक जटिलताओं एवं प्रश्नों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी ज्ञानवर्धक सत्रों के साथ-साथ प्रतिभागियों के लिए आपसी संवाद एवं नेटवर्किंग का भी अवसर प्राप्त हुआ, जिससे कार्यक्रम का माहौल ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। भीलवाड़ा शाखा के चेयरमैन सीए दिनेश सुथार ने कहा कि वर्तमान समय में प्रोफेशनल्स के लिए बदलते नियमों एवं लेखांकन प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आवासीय रिफ्रेशर कोर्स सदस्यों को अपने ज्ञान को निरंतर अपडेट करने और पेशेवर दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शाखा सचिव सीए पुलकित राठी ने सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यक्रम में प्राप्त ज्ञान एवं व्यावहारिक अनुभव निश्चित रूप से सदस्यों के पेशेवर कार्य में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में सत्यनारायण लाठी, अक्षय सोडाणी, अरुण काबरा, नरेश माहेश्वरी, निर्मल खजांची, मुकेश नवाल सहित 50 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। दो दिवसीय आवासीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन ज्ञानवर्धक एवं सकारात्मक वातावरण में हुआ।
Leave a comment