मदनगंज-किशनगढ़। रिपोर्ट डब्लू गोस्वामी। किन्नर समाज से जुड़े सामाजिक, सामुदायिक एवं संगठनात्मक मुद्दों को लेकर किशनगढ़ में आज से तीन दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है। अरांई रोड स्थित बिआरजी होटल में होने वाली इस बैठक में राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ कई राज्यों से किन्नर समाज के प्रतिनिधि एवं सदस्य शामिल होंगे।
बैठक में समाज की वर्तमान स्थिति, सामाजिक चुनौतियों, आपसी समन्वय, अधिकारों, शिक्षा, रोजगार एवं समाज सुधार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और मंथन किया जाएगा। साथ ही समाज के सामने आ रही समस्याओं के समाधान और भविष्य की दिशा को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी।
आयोजन का उद्देश्य किन्नर समाज को एक मंच पर एकत्रित करने के साथ समाज को अधिक मजबूत, संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल करना है। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिनिधि अपने अनुभव, सुझाव और समस्याएं साझा करेंगे।
मंगला मुखी नाजर किन्नर समाज किशनगढ़ की अध्यक्ष रानी बाई ने बताया कि तीन दिवसीय बैठक में समाज के विकास, एकजुटता और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता और समाज में सकारात्मक बदलाव को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
तीन दिवसीय यह बैठक किन्नर समाज के लिए आपसी संवाद, एकजुटता और भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधियों के पहुंचने से आयोजन को व्यापक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
Leave a comment