जयपुर। रिपोर्ट डब्लू. गोस्वामी। जयपुर में नकली नोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 30 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आरसी चौधरी का बेटा साहिल चौधरी भी शामिल है।
विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली नोट बांग्लादेश से जयपुर पहुंचे थे और इन्हें निकाय चुनाव में खपाने की तैयारी थी। बजाज नगर थाना पुलिस और सीएसटी ने शुक्रवार देर रात कार्रवाई करते हुए साहिल चौधरी के अलावा सीकर निवासी अंशुल तथा हरियाणा निवासी प्रियांशु और आकाश को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर वाहन भी जब्त किए हैं। आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 861 नकली नोट मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब नकली नोटों के नेटवर्क, सप्लायर और इनके इस्तेमाल की पूरी कड़ी की जांच में जुटी है।
मामले को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पुलिस अपनी कानूनी कार्रवाई करेगी, लेकिन राजनीतिक दलों को भी इस मामले पर विचार करना चाहिए।
Leave a comment