धौलपुर। जिले के आंगई थाना क्षेत्र के बिरजा गाँव में रविवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ देवस्थान पर दर्शन करने गए एक ही परिवार के चार भाई-बहनों की कुंड (तालाब) में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया और बिरजा सहित मृतकों के पैतृक गाँव में मातम पसर गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नथुआ का पुरा निवासी भोलू उर्फ रवि गुर्जर बिरजा गाँव स्थित प्रसिद्ध हीरामन बाबा मंदिर परिसर के पास बने कुंड के समीप गया था। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देख और उसे बचाने के प्रयास में उसकी तीनों बहनें भी एक-एक करके कुंड में कूद गईं। पानी की गहराई अधिक होने के कारण चारों पानी से बाहर नहीं आ सके और उनकी डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनोरमा (30), बोटो (36), भोलू उर्फ रवि गुर्जर (23) और उनकी चचेरी बहन निशा (21) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सरमथुरा वृत्ताधिकारी दुलीचंद और आंगई थाना अधिकारी कृपाल सिंह चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों युवतियों के शवों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया था, जबकि युवक का शव गहराई में होने के कारण समय रहते नहीं मिल सका। इसके बाद प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को भी कुंड से बाहर निकाला। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर सरमथुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया, जहाँ मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
पोस्टमार्टम के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चारों शवों को रोते-बिलखते परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शवों के पैतृक गाँव पहुँचते ही वहाँ कोहराम मच गया। इस दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है और मामले की सघन जांच जारी है।
Leave a comment