धौलपुर। सचिव रेखा यादव ने 60 दिवसीय मेगा अभियान के तहत गांव गडरपुरा ग्राम पंचायत सनोरा तहसील बाड़ी जिला धौलपुर में स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गडरपुरा में ग्राम विधिक सहायता क्लिनिक का उद्घाटन कर उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के पत्र की अनुपालना में जारी चयनित ग्राम गडरपुर में नालसा की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चयनित गाव गडरपुर में मेगा ड्राइव का संचालन 25 अगस्त 2026 से 23 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। चयनित गांव गडरपुर तहसील बाडी जिला धौलपुर के नालसा स्कीमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए गुरूवार 27 अगस्त को सचिव रेखा यादव ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गडरपुरा में ग्राम विधिक सहायता क्लिनिक का उद्घाटन कर उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की। सचिव रेखा यादव ने बताया कि ग्राम विधिक सहायता क्लिनिक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण गांवों में रहने वाले जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को उनके नजदीक ही निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराना है। ग्रामीण अपने विधिक विवादों एवं समस्याओं के संबंध में यहां मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं साथ ही कहा कि मेगा ड्राइव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम छोर तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकारों और न्याय से वंचित न रहे। इस अवसर पर सचिव रेखा यादव ने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नालसा द्वारा जारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा बच्चों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी साथ ही विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण अथवा अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में चुप न रहें तथा उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करें। मेगा ड्राइव के तहत सचिव रेखा यादव द्वारा ग्राम की सपेरा बस्ती में भी पहुंचकर वहां निवासरत लोगों से संवाद किया गया। इस दौरान उन्हें उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर पात्र व्यक्तियों को आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मार्गदर्शन किया गया। मेगा ड्राइव के दौरान ग्रामीणों की स्थानीय आवश्यकताओं, समस्याओं एवं शिकायतों के अनुरूप प्रासंगिक नालसा योजनाओं की पहचान कर उनका क्रियान्वयन किया जाना है। ग्राम पंचायत, सरपंच तथा अन्य स्थानीय हितधारकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं एवं विधिक सहायता का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही जरूरत के अनुसार ग्राम विधिक सहायता क्लिनिक का प्रभावी उपयोग करते हुए ग्रामीणों को विधिक सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर सचिव रेखा यादव, विकास अधिकारी राम सैनी, नायब तहसीलदार उत्तम चंद बंसल, सहायक विकास अधिकारी फिरोज खान, गजेंद्र सिंह मीणा, भगवान स्वरूप, अर्चना मीणा, प्रियंका शर्मा, सतीश सोलंकी, रामदास तरुण युवा चेतना फाउंडेशन एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ सहायक जगदीश सिंह जादौन, कनिष्ठ सहायक सुरेंद्र सिंह व संदीप कुमार मौजूद रहे।
Leave a comment