धौलपुर। जिले के सखवारा क्षेत्र स्थित छत्तूपुरा गांव में रविवार मध्य रात्रि बेखौफ बदमाशों ने प्रसिद्ध शेरावाली माता मंदिर को निशाना बनाते हुए लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये मूल्य के पीतल के घंटे पार कर लिए। चोरी गए सामान में करीब 20 छोटे घंटों के साथ-साथ एक 52 किलो वजन का विशालकाय महाघंटा भी शामिल है। ग्रामीण चौबसिंह, भरत सिंह और बच्चू सिंह ने बताया कि माता मंदिर से ग्रामीणों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और अक्सर लोग देर रात तक मंदिर परिसर में ही रुकते हैं। रविवार रात को भी श्रद्धालु करीब 10 बजे तक मंदिर में मौजूद थे और इसके बाद अपने-अपने घरों को चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने आधी रात को वारदात को अंजाम दे दिया। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए बताया कि करीब 5 साल पहले भी शेरावाली माता मंदिर से चोरी की बड़ी घटना हुई थी। उस समय दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बावजूद पुलिस आज तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। अब एक बार फिर हुई इस बड़ी चोरी से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर गहरा असंतोष है। मंदिर परिसर से 52 किलो वजनी महाघंटे सहित दर्जनों घंटों की चोरी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से अज्ञात चोरों का शीघ्र पता लगाकर चोरी हुए घंटों को बरामद करने और क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Leave a comment