फुलेरा। रिपोर्ट डब्लू गोस्वामी। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश स्तरीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का फुलेरा विधानसभा क्षेत्र में भव्य आगमन हुआ। डूंगरी खुर्द से शुरू हुई यात्रा विधानसभा क्षेत्र के 15 प्रमुख पवित्र स्थलों से होकर नरेना पहुंची।
भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं पूर्व विधायक निर्मल कुमावत ने डूंगरी खुर्द में पावन कलश को सिर पर धारण कर माताओं-बहनों, आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संत रविदास जी महाराज को नमन किया। इस दौरान संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
निर्मल कुमावत ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव मिटाकर समानता, बंधुत्व, सामाजिक सद्भाव एवं मानवता का मार्ग दिखाया। कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों और अमर संदेश को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाना है।
यात्रा डूंगरी खुर्द से बागावास मोड़, हरसोली स्टैंड, मूंडियागढ़, किशनगढ़ रेनवाल, नांदड़ी स्टैंड, टीबावाला, सुरसिंहपुरा, फुलेरा, भादरपुरा, तेजा का बास, सांभरलेक, मातेडा स्टैंड होते हुए नरेना पहुंची। नरेना में संत रविदास जी महाराज की बगीची तथा श्री दादू दयाल जी महाराज की मुख्य पीठ पर यात्रा का समापन हुआ।
इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवजी राम कुमावत, विनोद सांभरिया, मंडल अध्यक्ष बाबूलाल यादव, मूलचंद रेगर, जय नारायण प्रजापत, नंद सिंह मनोहर, बद्री नारायण शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, संत समाज एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
Leave a comment