डाबला निवासी ओमप्रकाश गुर्जर पर कार्रवाई, फर्जी खबर फैलाकर मचा रहा था भ्रम; पुलिस के शिकंजे में आते ही वीडियो जारी कर मांगी माफी
भीलवाड़ा (घनश्याम बोकोलिया): सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक खबर वायरल कर सनसनी फैलाना डाबला निवासी ओमप्रकाश गुर्जर को भारी पड़ गया। हवाई जहाज क्रैश होने से जुड़ी फर्जी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में भीलवाड़ा साइबर सेल ने युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
मामला सामने आने के बाद साइबर सेल ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की पड़ताल शुरू की। जांच में पोस्ट की वास्तविकता संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित युवक को चिन्हित किया और उसके खिलाफ कार्रवाई की।
फर्जी पोस्ट के बाद पुलिस की नजर, युवक ने मांगी माफी
पुलिस कार्रवाई के बाद युवक ने वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का भरोसा दिलाया। युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है।
साइबर सेल की सख्ती से अफवाहबाजों में हड़कंप
हवाई जहाज हादसे जैसी संवेदनशील खबर को बिना पुष्टि सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। इसी को देखते हुए साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस की कार्रवाई ने सोशल मीडिया पर बिना तथ्य-जांच के खबरें वायरल करने वालों को साफ संदेश दिया है कि फर्जी खबर की एक पोस्ट भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी संवेदनशील सूचना को बिना आधिकारिक पुष्टि आगे शेयर न करें। अफवाह फैलाने वाली पोस्ट को लाइक, शेयर या फॉरवर्ड करने से भी बचें।
संदेश साफ है—सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के चक्कर में कानून के शिकंजे में आने में देर नहीं लगेगी।
Leave a comment