मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारी पुख्ता करें, झूलते तार तुरंत हटाएं; तय समय पर हो नियमित जलापूर्ति
भीलवाड़ा (घनश्याम बोकोलिया) जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को जलदाय, विद्युत एवं चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर आमजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां, जांच और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को झूलते तार और अन्य खतरनाक विद्युत व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के साथ शहर और गांवों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
जलदाय विभाग को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित पेयजल आपूर्ति और पानी से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के स्वीकृत एवं चल रहे कार्यों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में एवीवीएनएल अधीक्षण अभियंता ओपी खटोड़, सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा, पीएचईडी प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a comment