धौलपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी. के मार्गदर्शन एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस सेवादल, धौलपुर द्वारा आज रविवार, 9 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी। यह तिरंगा यात्रा जिला कांग्रेस सेवादल, धौलपुर की जिलाध्यक्ष श्रीमती समृद्धि दीक्षित के नेतृत्व में, जिला कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष परवेज पठान की अध्यक्षता तथा जिला कांग्रेस सेवादल महिला विंग की जिलाध्यक्ष श्रीमती विनेश सैन के संयोजन में निकाली जाएगी।
तिरंगा यात्रा पुराना हॉस्पिटल चौराहा से प्रारंभ होकर कोतवाली थाना, जगह चौराहा, सराय गजरा रोड, पुराना डाकखाना चौराहा, लाल बाजार एवं पुरानी सब्जी मंडी होते हुए गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पहुंचेगी। यहां शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा यात्रा का समापन होगा। जिला कांग्रेस सेवादल की जिलाध्यक्ष श्रीमती समृद्धि दीक्षित ने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ तिरंगा यात्रा’ राष्ट्र की एकता, अखंडता, संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कांग्रेस सेवादल की प्रतिबद्धता का संदेश देगी। उन्होंने सांसद, विधायक, प्रत्याशी, एआईसीसी एवं पीसीसी पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल एवं बूथ अध्यक्ष सहित समस्त कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यात्रा को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ सभी कांग्रेसजन इस गौरवपूर्ण तिरंगा यात्रा में सहभागी बनें।
Leave a comment