धौलपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय गवां (बसई नीम) में पौधरोपण कार्यक्रम उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में तथा विद्यालय के आसपास अभिभावकों के खेतों में पौधरोपण किया गया। पौधरोपण की तैयारियों के लिए एक दिन पूर्व ही गड्ढे खुदवाकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं। इसके पश्चात संस्था प्रधान के नेतृत्व एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधु कुमारी जी के सानिध्य में सामूहिक रूप से पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बारिश की रिमझिम फुहारों और सुहाने मौसम के बीच आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम का नजारा बेहद मनमोहक रहा। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों में पौधे लगाने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पौधों को अपना मित्र मानते हुए उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संस्था प्रधान ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसकी देखभाल और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना हमारी असली जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधु कुमारी जी ने ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को अधिक से अधिक हरित बनाने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए संदेश दिया।
Leave a comment