24 पट्टे, 9 निर्माण स्वीकृतियां और 6 नाम हस्तांतरण पत्र जारी
फुलेरा रिपोर्ट डब्लू गोस्वामी। नगर पालिका फुलेरा में आयोजित शहरी सेवा शिविर आमजन के लिए राहत का माध्यम साबित हो रहा है। शिविर में वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर ही त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण किया जा रहा है।
शिविर में वर्ष 1990 से लंबित महेश चंद शर्मा और सुरेश चंद शर्मा की फाइल का निस्तारण कर उन्हें पट्टा सौंपा गया। करीब 34 वर्ष पुराने मामले का समाधान होने पर आवेदकों ने खुशी जताते हुए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान 24 पट्टे वितरित किए गए। इनमें 14 पट्टे धारा 90-ए, 9 फ्री-होल्ड पट्टे तथा 1 पट्टा धारा 69-क के तहत जारी किया गया। इसके अलावा 9 निर्माण स्वीकृतियां और 6 नाम हस्तांतरण पत्र भी जारी किए गए।
अधिशाषी अधिकारी महिमा सोनी ने कहा कि शहरी सेवा शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना और एक ही स्थान पर लंबित प्रकरणों का समाधान करना है। उन्होंने शहरवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में निकाय के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
Leave a comment