धौलपुर। पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान और आगामी चुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता की पालना में सैंपऊ थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से नाकाबंदी के दौरान अवैध हथकड़ और देशी शराब ले जाते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और सैंपऊ वृत्ताधिकारी मनोहर लाल मीणा के सुपरविजन में सैंपऊ थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा अमल में लाई गई है।थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार (29 अगस्त 2026) को नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रमजीत को दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से परिवहन की जा रही 10 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत प्रकरण संख्या 285/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विक्रमजीत (32) पुत्र कप्तान सिंह, जाति कुशवाहा, सैंपऊ थाने के मेहरा का पुरा का निवासी है। इसी अभियान के तहत हुई दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक अन्य स्थान से आरोपी महेश को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 75 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत प्रकरण संख्या 286/2026 दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी महेश (26) पुत्र करूआ, जाति कुशवाहा, सैंपऊ क्षेत्र के गढी लज्जा का रहने वाला है। पुलिस दोनों ही मामलों में आरोपियों से शराब की खरीद-फरोख्त को लेकर अग्रिम अनुसंधान कर रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा सहित उपनिरीक्षक मोहनसिंह, हेड कांस्टेबल ज्ञान सिंह, कांस्टेबल रविकुमार, रविकान्त, अमरसिंह, सुरेशचन्द, विरेन्द्र, लख्मूराम और विक्रम शामिल रहे।
Leave a comment