धौलपुर। संभागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठोतिया ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन विभाग की गाइडलाइन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनावी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्याशियों द्वारा नामांकन की दो एप्लीकेशन प्रस्तुत किए जाने की स्थिति में उनका समय अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रभावी निगरानी रखने एवं मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारी सीजन को देखते हुए कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने तथा बारिश से प्रभावित मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर वहां की व्यवस्थाओं का अनिवार्य रूप से जायजा लेने के निर्देश दिए।
230 वार्डों के लिए 277 मतदान केंद्र जिला कलक्टर धौलपुर ने जिले में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों एवं प्रगति से संभागीय आयुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले में 230 वार्डों के लिए 277 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाता सहायता केंद्रों की स्थापना कर उनका निरीक्षण किया जा चुका है। मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के जर्जर भवनों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों का रेंडमाइजेशन भी किया जा चुका है। इसके साथ ही वाहन व्यवस्था, चुनावी रैली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित प्रकोष्ठों का गठन कर दिया गया है।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी जिला कलक्टर ने बताया कि जिले के 47 संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का सत्यापन कर लिया गया है। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित किया गया है। दहशतगर्द, तड़ीपार एवं गुंडागर्दी में लिप्त व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव संबंधी 24, 48 एवं 72 घंटे वाली सूचनाएं भी भेजी जा चुकी हैं। इसके अलावा चुनाव संबंधी शिकायतों एवं सूचनाओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05642-220033 है।
मतदान केंद्रों पर आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित करने के निर्देश
संभागीय आयुक्त ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ एवं सुपरवाइजर का नाम, भाग संख्या तथा मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो, इसकी जांच अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave a comment