ग्रेटर नोएडा। आरडब्ल्यूए सेक्टर बीटा-1 द्वारा प्रत्येक रविवार को सेक्टरवासियों की समस्याओं को सुनने के लिए जनसुनवाई आयोजित की जाती है।
इसी क्रम में आज आयोजित जनसुनवाई में सेक्टर की विभिन्न समस्याएं सामने आईं, जिनमें अवैध रूप से संचालित पीजी और गेस्ट हाउस उनमें रहने वाले कुछ छात्रों के व्यवहार को लेकर स्थानीय निवासियों ने गंभीर चिंता जताई।
जनसुनवाई के दौरान निवासियों ने बताया कि सेक्टर में कुछ पीजी बिना उचित नियमों और व्यवस्थाओं के संचालित किए जा रहे हैं। इनमें रहने वाले कुछ छात्र-छात्राओं द्वारा हुड़दंग मचाने, आसपास के निवासियों के साथ गलत व्यवहार करने तथा रात के समय शराब पीकर घूमने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। इससे सेक्टर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण को लेकर चिंता बढ़ रही है।
आरडब्ल्यूए बीटा 1 के अध्यक्ष संगीता शर्मा व महासचिव हरेन्द्र भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
आरडब्ल्यूए सेक्टर बीटा-1 ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि सेक्टर में संचालित पीजी की जांच कराई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध रूप से संचालित पीजी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
साथ ही शासन-प्रशासन एवं पुलिस विभाग से भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।
आरडब्ल्यूए का कहना है कि सेक्टर में रहने वाले सभी लोगों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। किसी भी व्यक्ति द्वारा पड़ोसियों को परेशान करना, अभद्र व्यवहार करना या सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियां करना स्वीकार्य नहीं है।
आरडब्ल्यूए सेक्टर बीटा-1 के कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने बताया की हमेशा सेक्टर की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहती है।
रविवार को होने वाली जनसुनवाई के माध्यम से निवासियों की समस्याओं को सुना जाता है और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
आरडब्ल्यूए ने संबंधित विभागों से मांग की है कि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई कर सेक्टर में सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
Leave a comment