‘Pure Love and Inner Power’ कार्यक्रम में राजयोग ध्यान के माध्यम से तनावमुक्त जीवन का संदेश
नोएडा, 23 अगस्त 2026। आधुनिक जीवन की भागदौड़, तनाव और बढ़ती मानसिक व्यस्तता के बीच स्वयं से जुड़ने और आंतरिक शांति प्राप्त करने का संदेश देने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज, सेक्टर 51, नोएडा द्वारा रविवार को क्लब हाउस, गार्डेनिया ग्लोरी, सेक्टर-46 में विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। “Pure Love and Inner Power” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मुख्य अतिथि डॉ. आलोक वर्मा, वरिष्ठ परामर्शदाता, सरकारी अस्पताल, नोएडा ने जीवन में सही मूल्यों के विकास को आवश्यक बताया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता बीके फाल्गुनी, मानेसर केंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि आज मनुष्य ने बाहरी दुनिया में बहुत कुछ प्राप्त किया है, लेकिन स्वयं से दूर होता जा रहा है।

उन्होंने समझाया कि हमारे विचार ही हमारी मानसिक स्थिति का निर्माण करते हैं। यदि मन लगातार चिंता, क्रोध, तनाव, अपेक्षाओं और नकारात्मक विचारों से घिरा रहे तो हमारी आंतरिक शक्ति क्षीण होती जाती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपनी खुशी और शांति के लिए दूसरों के व्यवहार पर निर्भर नहीं होना चाहिए। “मेरी स्थिति मेरी सोच तय करती है, किसी दूसरे का व्यवहार नहीं”—इस विचार के माध्यम से उन्होंने भावनात्मक आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
बीके फाल्गुनी ने कहा कि सच्चा प्रेम किसी को अपनी इच्छा के अनुसार बदलने का प्रयास नहीं करता, बल्कि उसे स्वीकार करता है। आत्म-प्रेम को स्वार्थ नहीं बताते हुए उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं को भीतर से शक्तिशाली और स्वस्थ बनाता है, तभी वह दूसरों को भी निस्वार्थ प्रेम और शुभकामनाएं दे सकता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुचित्रा के मधुर गीत ने वातावरण को भावपूर्ण बनाया। इसके बाद बीके लीना ने प्रभावशाली निर्देशित राजयोग ध्यान कराया। शांत कमेंट्री के साथ हुए ध्यान सत्र में उपस्थित लोगों ने मानसिक शांति और विश्रांति का अनुभव किया।
बच्चों के नृत्य तथा युवतियों की प्रेरणादायक स्किट ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। समापन पर बीके बहनों ने सभी को राखी बांधी तथा सात्विक भोजन एवं प्रसाद वितरित किया।
ब्रह्माकुमारीज ने लोगों से नियमित राजयोग ध्यान अपनाकर शांत, सकारात्मक और मूल्यनिष्ठ जीवन जीने का आह्वान किया।
Leave a comment