फुलेरा। (डब्लू गोस्वामी) आगामी रक्षाबंधन, बारावफात तथा स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर थाना परिसर में डीएसपी मुकेश जोशी के नेतृत्व और थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सीएलजी सदस्यों एवं महिला सुरक्षा सखियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा चुनावों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएसपी मुकेश जोशी ने कहा कि सीएलजी सदस्य पुलिस और जनता के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने सदस्यों से अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अपराध या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मंगलवार को दोपहर 2 से 4 बजे तक पंचायत समिति में वीसी आयोजित होगी। इसमें सीएलजी सदस्यों एवं महिला सुरक्षा सखियों को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से वीसी में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक में व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनोज आहूजा सहित विमल जैन, शैलेंद्र शर्मा, ताराचंद सैन, सुमित्रा नाथावत, पूनम कुमावत, गीता शर्मा, तारा सोनी, पूजा भाटी, लेखराज सैनी, योगेश वर्मा, यादराम जोशी, प्रभु दयाल कुमावत, मनोहर सिंह सहित सीएलजी सदस्य एवं महिला सुरक्षा सखियां मौजूद रहीं।
Leave a comment