धौलपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान” के तहत जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन एवं थानाधिकारी सायबर थाना ब्रजेश कुमार उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिला पुलिस एवं सायबर थाना पुलिस टीम द्वारा लगातार साइबर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।इसी क्रम में आज सायबर थाना पुलिस धौलपुर द्वारा शहर के प्रमुख गुलाब बाग चौराहे एवं जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल तीर्थराज मचकुंड पर आमजन, पर्यटकों एवं राहगीरों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। सायबर थाना पुलिस टीम ने लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी आमजन को फर्जी बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार, कस्टमर केयर, बिजली विभाग, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन जॉब, निवेश एवं लोन आदि के नाम पर ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर तथा OTP, PIN, CVV, बैंक विवरण एवं अन्य गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी की जा रही है। पुलिस टीम ने आमजन को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने अथवा वीडियो कॉल पर बताए गए निर्देशों के अनुसार बैंकिंग लेन-देन करने से बचें। पुलिस ने विशेष रूप से अपील की कि डिजिटल अरेस्ट जैसी फर्जी धमकियों से भयभीत न हों। कोई भी वास्तविक पुलिस अधिकारी अथवा सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट कर पैसे ट्रांसफर करने के लिए नहीं कहती है। सायबर थाना पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराध घटित होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के बाद जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, ठगी की रकम को होल्ड करवाने एवं वापस दिलाने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन से अपील की कि स्वयं साइबर जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। धौलपुर पुलिस की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं। साइबर सुरक्षा के लिए याद रखें
– OTP, PIN, CVV एवं पासवर्ड किसी से साझा न करें।
– अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
– सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें।
– अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें।
– ऑनलाइन निवेश एवं नौकरी के आकर्षक ऑफर की सत्यता जांचें।
– साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।
Leave a comment