धौलपुर। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में आज जिले के सभी पुलिस थानों में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों की सुरक्षा सखियों, महिला सीएलजी सदस्यों तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं को संबंधित पुलिस थानों का विजिट कराया गया। छात्राओं एवं महिला सदस्यों को थाना परिसर में पुलिस की कार्यप्रणाली, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा आमजन की शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, कानून एवं पुलिस सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से बेझिझक संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सखियों, महिला सीएलजी सदस्यों एवं छात्राओं द्वारा थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। पौधारोपण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं एवं छात्राओं का पुलिस द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहज संवाद को बढ़ावा देना तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है। धौलपुर पुलिस द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम करने के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Leave a comment