धौलपुर। जिले के मनियां कस्बे में मांगरोल रोड पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने विधायक रोहित बौहरा को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन मनियां कस्बे में आयोजित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की चुनावी बैठक के दौरान दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने वार्तालाप के दौरान विधायक से कहा कि मांगरोल रोड पर ओवरब्रिज का निर्माण तो हो चुका है, लेकिन इसका समुचित लाभ आसपास के निवासियों को नहीं मिल पा रहा है। अंडरपास के अभाव में पूरा मनियां कस्बा दो हिस्सों में बंट गया है, जिससे रोजमर्रा का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अंडरपास न होने से पैदा हो रही प्रमुख समस्याएं मोक्षधाम पहुंचने में परेशानी: किसी ग्रामीण की मृत्यु होने पर अंतिम यात्रा के दौरान शव को मोक्षधाम ले जाने के लिए 2 से ढाई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा: छात्र-छात्राओं को रोजाना जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है। ओवरब्रिज की सीढ़ियों का उपयोग करने पर बंदरों के आतंक के कारण निकलना बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
हादसों का बना रहता है डर: रेलवे ट्रैक पार करने के चक्कर में अब तक कई लोग ट्रेन की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से कई की जान चली गई और कई लोग स्थायी रूप से विकलांग हो चुके हैं। दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित: बाल गोविंद का पुरा, लूला का पुरा, हेतराम का अड्डा, दूल्हारा, मिश्रिया का पुरा, मांगरोल, मौरेधा, बिचौला, खार का पुरा, लाडमपुर, जलालपुर, चपरोली और रण्डौली सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीणों व विद्यार्थियों को मनियां बाजार तथा स्कूल-कॉलेज पहुंचने के लिए 5 से 6 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में पीयूष अग्रवाल, नरेंद्र कुशवाह, पंकज गोयल, हरिदेव राजपूत, अतुल मंगल, सत्यप्रकाश, प्रांजल एवं हरेश गोयल मुख्य रूप से शामिल रहे। ग्रामीणों ने विधायक से जल्द से जल्द ओवरब्रिज के नीचे अंडरपास बनवाने की मांग की है ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिल सके।
Leave a comment