धौलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सड़कों की दुर्दशा एक बार फिर यात्रियों के लिए आफत बन गई। सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत ‘सुआ का बाग’ स्थित राणा पेट्रोल पंप के पास एक सड़क दुर्घटना घटित हुई। जयपुर से धौलपुर की ओर आ रही जयपुर डिपो की डीलक्स रोडवेज बस (RJ 14 PG 7585) सड़क ऊबड़-खाबड़ होने के कारण अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस भिड़ंत में बस में सवार करीब 10 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना के सहायक उपनिरीक्षक लाखन सिंह पुलिस जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। ASI लाखन सिंह और उनकी टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना समय गंवाए पुलिस वाहनों एवं अन्य साधनों से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। लाखन सिंह, ASI ने बताया राणा पेट्रोल पंप के सामने सड़क की खराबी के चलते बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में 10 से 12 सवारियां घायल हुई हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
दुर्घटना के समय मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नेशनल हाईवे-44 का यह हिस्सा लंबे समय से बेहद खस्ताहाल और ऊबड़-खाबड़ पड़ा हुआ है। गड्ढों और असमान सड़क के कारण चालकों का वाहनों पर से नियंत्रण छूट जाता है, जिससे आए दिन इस मार्ग पर हादसे हो रहे हैं। गनीमत यह रही कि सुबह के समय पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से सभी घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे के इस बदहाल हिस्से की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
Leave a comment