“हर घर तिरंगा” के नारों से गूंजा नगर, पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-घनश्याम बोकोलिया
शाहपुरा।’हर घर तिरंगा – हर दिल तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को शाहपुरा नगर मुख्यालय में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों से पूरा नगर राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर हो गया।
धरती देवरा से हुआ शुभारंभ
यात्रा का शुभारंभ प्रातः 10 बजे धरती देवरा से हुआ। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।
इन मार्गों से गुजरी रैली
देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों के साथ तिरंगा यात्रा निर्धारित मार्ग से होती हुई आगे बढ़ी।
रैली का मार्ग: धरती देवरा → कलिंजरी गेट → बालाजी छतरी → मुख्य बाजार → त्रिमूर्ति चौराहा → रामद्वारा → पंचायत समिति परिसर स्थित विधायक कार्यालय।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
राष्ट्रगान के साथ समापन
सभी पड़ावों से होती हुई विशाल रैली विधायक कार्यालय पहुंची। यहां उपस्थित जनसमुदाय ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का समापन किया।
“तिरंगा हमारी आन-बान-शान”
समापन पर विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान, शान और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक को देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहना चाहिए।
इस आयोजन में नगरवासी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति शामिल हुई।
Leave a comment