जयपुर। डब्लू. गोस्वामी। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बुधवार को चौगान स्टेडियम में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने मंच, ध्वनि व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, बच्चों के बैठने की व्यवस्था और आमंत्रण पत्र वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल पर रोशनी, रंगोली, सजावट और साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। समारोह में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, खिलाड़ियों, लोक कलाकारों, पत्रकारों तथा सामाजिक-धार्मिक क्षेत्र की विभूतियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति, सामाजिक एकता और राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अधिक से अधिक घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन, पुलिस उपायुक्त उत्तर करन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a comment