धौलपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत का सबब बनती जा रही है। शनिवार को धौलपुर जिले के मनियां थाना इलाके के फूलपुर गांव के पास जलभराव के कारण एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। जहां सवारियों से भरी एक ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरी पोखर में पलट गई। वैन के पानी में डूबते ही अंदर मौजूद बच्चों और महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। जैसे ही वैन पोखर में पलटी, मौके पर हड़कंप मच गया। वैन में फंसे लोग जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाने लगे। घटना की भनक लगते ही गांव वाले बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में उतर गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए देवदूत की तरह मोर्चा संभाला और ईको वैन के शीशे व दरवाजे खोलकर अंदर फंसे बच्चों, महिलाओं और अन्य सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की इस त्वरित सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया गया कि वैन सवार सभी लोग मनियां क्षेत्र के ही इंछापुरा गांव से फूलपुर गांव के पास स्थित जाहरपीर बाबा के थान पर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान फूलपुर गांव से गुजर रहे रास्ते में जलभराव होने से चालक को रास्ते का अंदाजा नहीं लगा और वैन पोखर में चली गई। हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मनियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घटनास्थल का जायजा लिया। बारिश के कारण जलभराव को हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। पुलिस फिलहाल घायलों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
Leave a comment