फुलेरा। (डब्लू गोस्वामी) कस्बे के श्रीराम नगर इलाके में मंगलवार को “जय श्री कल्याण” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर से श्री डिग्गी कल्याण जी महाराज के लिए 25वीं रजत जयंती पदयात्रा गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा का शुभारंभ चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य पुजारी पंडित हनुमान प्रसाद ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डिग्गी कल्याण धनी के सुसज्जित रथ की पूजा करवाई। इसके बाद अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती की। हरी झंडी दिखाए जाने के साथ ही पदयात्री नाचते-गाते डिग्गी धाम की ओर रवाना हो गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष रतन राजोरा ने आयोजकों को 25वीं पदयात्रा के आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि पदयात्राएं धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकता, शांति और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसी धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सैनी समाज अध्यक्ष तेजकरण सैनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन संतोष स्वामी ने किया। आयोजकों की ओर से अतिथियों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी लक्ष्मी नारायण सैनी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमर चंद सैनी, निवर्तमान पार्षद सरदार चौधरी, मदन गढ़वाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, सुरेश सैनी, दिलीप सुरोलिया, समाजसेवी मनीष मीणा, पूनम कुमावत एवं छोटी देवी सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर गणपत लाल सैनी, जितेंद्र सैनी, सूरज सैनी, पूर्ण सैनी, नंदलाल, रामेश्वर लाल सैनी सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली पदयात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं जलपान से स्वागत किया गया। बाबूलाल अजमेर सहित श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की। जयकारों और भजनों के बीच पदयात्रा डिग्गी धाम की ओर अग्रसर हुई।
Leave a comment