विधायक कोठारी के प्रयासों से लंबे समय से रिक्त पदों पर हुई नियुक्तियां
मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
भीलवाड़ा (घनश्याम बोकोलिया) राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय में चिकित्सा व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित कुल 22 नवीन डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं। लंबे समय से रिक्त चल रहे महत्वपूर्ण पदों पर हुई इन नियुक्तियों से अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
नवीन नियुक्तियों की सूची की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें लंबे समय से प्रतीक्षारत कार्डियक सर्जरी के दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति भी शामिल है। इसके अलावा गैस्ट्रोलॉजी, सर्जरी, जनरल सर्जरी, शिशु रोग, ऑर्थोपेडिक सर्जरी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण चिकित्सा विशेषज्ञों में चिकित्सकों की नियुक्तियां की गई हैं।
इन पदों के रिक्त रहने के कारण मरीजों को लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नए चिकित्सकों की नियुक्ति से मरीजों को अस्पताल में ही समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध हो सकेगा तथा उपचार के लिए लंबी कतारों और प्रतीक्षा से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि इन नियुक्तियों से महात्मा गांधी चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को तत्काल एवं तत्परता से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और अस्पताल में उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा।
विधायक कोठारी ने कहा कि आने वाले समय में भी राज्य सरकार के सहयोग से अस्पताल में रिक्त पड़े अन्य पदों पर चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सा स्टाफ की नियुक्ति के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि भीलवाड़ा के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से भीलवाड़ा की चिकित्सा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
Leave a comment