धौलपुर। कोटा के नवनेरा बैराज से करीब 4.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद धौलपुर जिले में चंबल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। नदी में पानी की आवक बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जलस्तर खतरे के निशान से करीब 3 मीटर ऊपर तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में नदी के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से नदी के आसपास के इलाकों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल किसी गांव के प्रभावित होने की संभावना नहीं है, लेकिन जलस्तर में होने वाली वृद्धि को देखते हुए एहतियात बरती जा रही है।
नदी किनारे जाने से बचें
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर के बीच चंबल नदी के किनारे जाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। खासकर युवा नदी के तेज बहाव और जलस्तर को देखने के लिए किनारों या घाटों तक न जाएं। पानी का बहाव बेहद तेज होने की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी के तेज बहाव को पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।
पशुधन को सुरक्षित रखने की अपील
चंबल नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से अपने पशुधन को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने के लिए कहा गया है। नदी का पानी बढ़ने की स्थिति में पशुओं को नदी किनारे चराने के लिए नहीं ले जाने की सलाह दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और जलस्तर से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
प्रशासन की नजर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल किसी गांव के प्रभावित होने की संभावना नहीं बताई गई है, लेकिन हालात बदलने की स्थिति में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। लोगों से अपील की गई है कि चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी, घाटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें और बिना वजह नदी के आसपास जाकर अपनी तथा दूसरों की जान खतरे में न डालें।
Leave a comment