धौलपुर। हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी थीम के साथ इस वर्ष पोषण माह को जनभागीदारी आधारित जनआंदोलन के रूप में मनाया जाएगा। इस संबंध में विभाग के सीडीपीओ भूपेश गर्ग ने कहा कि पोषण अभियान का लक्ष्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास के प्रभावी केंद्र के रूप में सशक्त करना और समुदाय को इनके संचालन, निगरानी एवं बेहतर सेवा वितरण से जोड़ना है। पोषण माह के दौरान जिले में पांच प्रमुख विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गरम पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल्यावस्था विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने परिवारों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों, स्वयं सहायता समूहों और समुदाय के सदस्यों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता, विविध एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने, गरम पके भोजन की सामुदायिक सहभागिता से निगरानी तथा बच्चों के पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल (ईसीसीई) पर गतिविधियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पोषण माह की सफलता केवल सरकारी प्रयासों से नही, बल्कि हर परिवार और हर समुदाय की भागीदारी से सुनिश्चित होगी। इस दौरान पूरे माह केंद्र, ग्राम पंचायत, ब्लॉक स्तर पर विभिन्न थीम आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
Leave a comment