धौलपुर। जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिलेभर में लगातार फ्लैग मार्च, पैदल गश्त, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज राजाखेड़ा नगरपालिका क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त कर आमजन को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का संदेश दिया गया। वृताधिकारी वृत्त मनियां खलील अहमद के नेतृत्व में थानाधिकारी थाना राजाखेड़ा वीर सिंह मय पुलिस जाप्ता ने कस्बे के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च किया। पुलिस टीम द्वारा गंगोलियापुरा, अंबरपुर, नया गांव, दूल्हे राय का घेर सहित विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा चुनाव को प्रभावित करने वाले प्रयास की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं या कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने अथवा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धौलपुर पुलिस द्वारा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा मतदाताओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल की प्रभावी तैनाती एवं सतत पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है।
Leave a comment