धौलपुर। जिले के सबसे बड़े पार्वती बांध आंगई से रविवार सुबह बड़ी खबर सामने आई है कैचमेंट में लगातार बारिश से बांध का जलस्तर बढ़कर 223.05 मीटर पहुंच गया है।
जलस्तर बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने सुरक्षा को देखते हुए दो अतिरिक्त गेट खोल दिए हैं। रविवार सुबह 7 बजे दो और गेट खोले जाने के बाद अब कुल 4 गेट 2-2 फीट खुले हैं, जिनसे 4401.52 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
बांध का FRL 223.41 मीटर है और वर्तमान जलस्तर इसके बेहद करीब पहुंच चुका है। पानी की आवक लगातार जारी है।
विभाग अलर्ट मोड पर
अभियंता पपेंद्र मीना ने बताया कि कैचमेंट में बारिश से आवक बनी हुई है। विभाग जलस्तर और निकासी पर लगातार नजर बनाए हुए है। आवक के अनुसार गेटों की स्थिति में बदलाव किया जा सकता है। बांध के गेट खुलने के बाद निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को नदी-नालों और पानी के बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा तेज बहाव को पार न करने की अपील की गई है। बांध क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन निगरानी बनाए हुए है।
Leave a comment