फुलेरा। (डब्लू गोस्वामी) खेतों में लगी पानी की मोटर और विद्युत केबल चोरी करने वाले गिरोह का फुलेरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की विद्युत मोटर, केबल जलाकर निकाले गए तांबे के तार और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना प्रभारी हीरालाल सैनी ने बताया कि 24 अगस्त को शार्दूलपुरा निवासी बजरंग राम ने खेत से पानी की मोटर और करीब 30 मीटर केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पुराने अपराधियों से पूछताछ और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के बाद प्रकाश बावरीया व सौभाग उर्फ गोपाल से पूछताछ की, जिसमें चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।
पुलिस ने प्रकाश बावरीया (20), सौभाग उर्फ गोपाल (26) और सुल्तान (44) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने फुलेरा और आसपास के क्षेत्रों में खेतों से मोटर व केबल चोरी की करीब एक दर्जन वारदातें करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की विद्युत मोटर, केबल से निकाले गए तांबे के तार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल RJ 47 SB 4652 बरामद की गई। पुलिस के अनुसार चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी सुल्तान को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।
Leave a comment