धौलपुर। जिला मुख्यालय पर स्थित मचकुण्ड सरोवर पर लगने वाले देवछठ मेला की तैयारियों के लिए जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट में बैठक का आयोजन किया गया।
उन्होंने नगर परिषद अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दिवस में लगने वाले देवछठ मेले में दुकानों को पहले से अधिक व्यवस्थित ढंग से लगाया जाये। कुछ दुकानदार पहले दुकान लगा लेते हैं, अनुमति बाद में लेते हैं, जिससे अव्यवस्था होती है। बिना अनुमति, रसीद के दुकान लगाने वालों को अनुमति नहीं दी जाये। अपने निर्धारित क्षेत्र से आगे बढ़कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। जिन्हें दुकान आवंटित की जायेगी, सुरक्षा के लिहाज से उनके पहचान पत्र और फोटो मेला प्रशासन अपने पास रखे।
उन्होंने कहा कि देवछठ को लगने वाले मचकुण्ड मेले में साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मेले में अस्थाई व मोबाइल टॉयलेट्स लगवाने तथा इनकी साफ-सफाई के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था का पहला चरण पूरा हो जाने के बाद मेला परिसर की चौबीस घंटे सफाई किया जाना सुनिश्चित करें। मेला क्षेत्र में पॉलीथिन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। मेले में श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल की व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करें एवं कानून व्यवस्था की दृष्टि को देखते हुए मेला मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की जाए।
उन्होंने कहा कि मेले में दूसरे राज्यों व राजस्थान से लाखों श्रद्धालु आते हैं। दुकानों और भण्डारे में मिलने वाली खाद्य सामग्री से फूड पॉइजनिंग न हो जाये, इसके लिए फूड इंस्पेक्टर निरन्तर खाद्य सामग्री पर पूर्णतः निगरानी रखें। मेला क्षेत्र व आसपास सुरक्षा के पुख्ता इन्तजाम के साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाते हुए सादा कपड़ों और वर्दी में जवान तैनात रहे। मचकुण्ड मेले व पहाड़ वाले बाबा पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना किया जाना सुनिश्चित करें। कन्ट्रोल रूम के अलावा पुलिस कन्ट्रोल रूम स्थापित करते हुए अस्थाई पुलिस चौकी की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इकतरफा यातायात व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मेले में आने वाले वाहनों के लिए वाहन पार्किग की व्यवस्था की जाए। ओवरलोड वाहनों को सख्ती से रोका जाये। मेले में विद्युत, पेयजल, रोशनी एवं चिकित्सा सुविधा की प्रर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मचकुण्ड मेले के दौरान लगने वाले झूलों की जांच की जाए। जिससे किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हो। उन्होंने मेले के दौरान मचकुण्ड सरोवर में लाइफ जैकेट्स के साथ पर्याप्त गोताखोरों, एसडीआरएफ की टीम को तैनात रहने के निर्देश दिए। मेले में फायर ब्रिगेड और एम्बुलेन्स पर्याप्त संख्या में मौजूद रहे। उन्होंने मेला परिसर के आसपास झाड़ियों को साफ करने, सड़क किनारे के पेड़ों की क्षतिग्रस्त डालियों को काटने के निर्देश भी दिए। वर्षा के सीजन को देखते हुए बिजली वायरिंग में अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले में आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए बेरिकेटिंग की व्यवस्था की जाए। इस मेले के बाद पहाड़ वाले बाबा का मेला भरेगा। बैठक में उसकी तैयारियों के लिए विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर सुरेश कुमार राव सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave a comment