धौलपुर। नगरपालिका चुनाव की सरगर्मी बढ़ते ही भाजपा ने राजाखेड़ा और मनियां में कार्यकर्ता बैठक आयोजित कर चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। राजाखेड़ा में पूर्व सरपंच माधौसिंह के बाड़े और मनियां में महादेवी गार्डन में हुई बैठकों में संगठन ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मोर्चे पर उतरने का संदेश दिया। बैठकों में भाजपा का निकाय बोर्ड बनाने को लेकर रणनीति पर मंथन हुआ। राजाखेड़ा में निकाय चुनाव प्रभारी अनिल कौशिक, निकाय संयोजक मनोरमा सिंह एवं देवेंद्र मुद्गल तथा मनियां में निकाय चुनाव प्रभारी तेज सिंह, निकाय संयोजक केदार पोसवाल एवं ऐदल लोधा ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया, बैठक में राजाखेड़ा विधानसभा प्रत्याशी नीरजा अशोक शर्मा, भाजपा नेता राजा भैया, रामवती जाटव, मीतल शुक्ला, पूर्व सरपंच माधौसिंह, मनियां मंडल अध्यक्ष रामावतार त्यागी, रामभरोसी जाटव, मधुसूदन शर्मा, मंडल अध्यक्ष सत्यम गुप्ता, नाहिला मंडल अध्यक्ष जयवीर सिंह, राजेंद्र सिंह अंबरपुर, अनूप तिवारी, पूर्व सरपंच वर्षा सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने कांग्रेस पर सीधा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि राजाखेड़ा में कांग्रेस के कार्यकाल के विकास कार्यों से जनता त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर कागजों में दावे किए गए, लेकिन धरातल पर उसकी तस्वीर कुछ और ही नजर आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब जनता के बीच जाकर कांग्रेस के विकास के दावों की वास्तविकता सामने रखनी होगी और भाजपा को मजबूत कर निकाय चुनाव में जीत दिलानी होगी। निकाय संयोजक मनोरमा सिंह एवं देवेंद्र मुद्गल ने कार्यकर्ताओं के बीच दो टूक संदेश रखा। उन्होंने कहा कि कोई यह गलतफहमी न पाले कि भाजपा राजाखेड़ा में कमजोर है। संगठन पूरी तैयारी में है। अगर कहीं कमी है तो वह सिर्फ एकजुटता की है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरते हैं तो राजाखेड़ा में भाजपा की जीत निश्चित है।
Leave a comment