धौलपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, धौलपुर कार्यालय परिसर में जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि हमें सकारात्मक सोच और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश एवं प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राजस्थान सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की जिम्मेदारी केवल राजस्व संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना भी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर परिवहन निरीक्षक शैलेंद्र वर्मा प्रथम स्थान पर रहे। वहीं कार्यालयीय कार्यों का समयबद्ध एवं बेहतर तरीके से निष्पादन करने के लिए वकील बाबू को जिला स्तरीय सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने उत्कृष्ट कार्य एवं विभागीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए परिवहन निरीक्षक दीपक शर्मा, श्रीकांत कुमावत, एएओ उत्तम चंद गोयल, भूदेव त्यागी, राम गोपाल, संजीव सिंह, सुरेश चंद एवं शिवदत्त को भी सम्मानित किया। जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि विभाग के प्रत्येक कर्मचारी की कार्यकुशलता और ईमानदारी से ही विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Leave a comment