बदलते रुख ने बढ़ाई दोनों प्रमुख दलों की चिंता, हर वोट पर प्रत्याशियों की नजर, निर्दलीयों का बोलबाला
सांभरलेक। रिपोर्ट डब्लू गोस्वामी नगर पालिका चुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही वार्डों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। खासकर वार्ड 11, 13, 14, 15, 21 और 23 में मतदाताओं के बदलते रुख ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के जीत-हार के समीकरणों को उलझा दिया है। अब तक जिस वोट बैंक को किसी एक दल के पक्ष में माना जा रहा था, उसकी दिशा बदलने से प्रत्याशियों की चिंता बढ़ गई है।
इन वार्डों में पारंपरिक वोट, प्रत्याशियों की व्यक्तिगत पकड़, स्थानीय मुद्दे और जनसंपर्क निर्णायक भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि दोनों प्रमुख दल बूथ स्तर पर अपने-अपने समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं।
बगावत और असंतोष का भी असर
नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद कई स्थानों पर सामने आए असंतोष और बगावत का असर भी चुनावी गणित पर पड़ता दिखाई दे रहा है। हालांकि नाम वापसी के बाद तस्वीर कुछ हद तक साफ हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर नाराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों का रुख अभी भी प्रत्याशियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
एक-एक वोट पर नजर
इस बार मुकाबला केवल भाजपा बनाम कांग्रेस तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि कौन प्रत्याशी अपने व्यक्तिगत प्रभाव से अधिक वोट अपने पक्ष में खींच पाता है, यह भी महत्वपूर्ण होगा। स्थानीय समस्याएं, विकास कार्य, प्रत्याशी की छवि और मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क अंतिम परिणाम को प्रभावित कर सकते हैं।
चुनाव से पहले बदलते समीकरणों ने सांभरलेक के इन वार्डों में मुकाबले को रोचक बना दिया है। अब मतदान के दिन मतदाताओं का अंतिम फैसला ही तय करेगा कि जीत का ताज किस प्रत्याशी के सिर सजेगा।
Leave a comment